22 Oct 2011

Jagjeet singh-khaan tum chale gaye




जगजीत सिंह .........कहां तुम चले गये 

आज भी मुझे याद है वो दिन, जब मुझे दिल्ली के जामिया- मिलिया इस्लामिया में मशहूर शायर कैफ़ी आज़मी की याद में आयोजित,एक प्रोग्राम में शामिल होने  का मौक़ा मिला था. इस  मौके पर कई मशहूर और बाइज्ज़त हस्तिया शामिल हुई थी,इन हस्तियों में एक बेहद खास चेहरा था ...... ग़ज़ल सम्राट जगजीत सिंह का,जो  सफ़ेद कुरता -पैजामा पहने एक किनारे खामोश  खड़े हुए थे.
जगजीत सिंह नाम है एक ऐसी शख्सियत  का ..... जिनके बारे में,कितना  भी लिखा जाये वो कम होगा. 8 फरवरी 1941 को जन्मे  जगजीत सिंह को  बचपन  में  नाम  मिला था जगमोहन सिंह. एक दिन  उनके माँ-बाप के गुरु ने  उन्हें शबद गाते हुए सुना तो कहा कि .." इस बच्चे का नाम बदल कर जगजीत सिंह कर दो,इसकी आवाज़ में इतनी मीठास है ..... की  ये सारे जग को जीत लेगा ".इस तरह उन का नाम जगमोहन  सिंह से बदल कर जगजीत सिंह कर दिया गया.
जगजीत सिंह को गज़लो का बादशाह कहा जाता है.उन्होंने गज़लों को   आसान शायरी में तब्दील किया और सेमी क्लास्सिक बना कर लोगो के सामने पेश किया.1970  के दशक में जब गज़ले नूर जहाँ,मेहदी हसन ,मल्लिका पुखराज,बेगम अख्तर,तलत महमूद जैसे दिग्गज गा रहे थे.उस  दौर में,जगजीत सिंह अपनी खूबसूरत आवाज़ और गायकी से  उनके बीच  जगह बनाने में कामयाब रहे. जगजीत सिंह ने गजलो को अपना आधार बनाया. और गिटार जैसे वेस्टर्न साज और Digital Multitrack Recording   का इस्तेमाल करके ग़ज़ल को एक नई पहचान देकर उसे आम लोगो के बीच मशहूर कर दिया .

जगजीत सिंह ने मशहूर गायिका चित्रा को अपनी ज़िन्दगी का हम सफ़र बनाया.और1969 में उनसे शादी कर ली. इन दोनों ने,बतौर हिंदुस्तान की पहली पति -पत्नी की हिट जोड़ी के रूप में,देश और दुनिया में कई बेहेतरीन  पर्फोर्मांस देकर मोसकी और गायकी में अपनी अमिट छाप छोड़ दी है.नए रेकॉर्ड्स बनाने वाली उनकी एल्बम THE UNFORGATABLES में इस जोड़े ने अपनी मखमली आवाज़ में ऐसी लाजवाब गजले गायीं है जिनका जादू आज भी लोगो के सर चढ़ कर बोलता है................... 
दुनिया जिसे कहते है जादू का खिलौना है , मिल जाये तो मिट्टी है,  खो  जाये तो सोना है .........
सरकती जाये है रुख़ से  नकाब आहिस्ता आहिस्ता , निकालता आ रहा है आफ़ताब आहिस्ता  आहिस्ता .......
बहुत  पहले से इन क़दमो की आहट जान लेते है , तुझे ए  जिंदिगी हम दूर से पहचान लेते है...... वगेह्रह   वगेह्रह   ....... उनकी ऐसी यादगार  गज़ले है जो आज भी  हर गजल सुनने  वाले की पहली पसंद हुआ करती  है .
          उन्होंने मिर्ज़ा ग़ालिब,क़तील शिफाई,निदा फाजली,फिराक गोरखपुरी, शाहिद कबीर,अमीर मीनानी,कफील अजहर,सुदर्शन फकीर की  शायरी को अपनी खूबसूरत आवाज़ से सजाया. जगजीत सिंह के कई शुरुवाती  कामयाब ग़ज़ल अलबमो के टाईटल जहा इंग्लिश में हुआ करते थे ......जैसे   Hope, In search,Vision , Love is Blind., Ecstasies, A Sound Affair, Passions.etc.वही बाद में,उनका रुझान उर्दू की तरफ ज्यादा हो गया था. जिसके चलते उन्होंने अपनी ग़ज़ल अलबमो को मेराज,कहकशां,चिराग , सजदा,सोज,सहर,मुन्तजिर,और मरासिम जैसे उर्दू उन्वानो(titles) से सवारा.इसके अलावा उन्होंने हिंदी,उर्दू ,पंजाबी, नेपाली,सिन्धी,बंगाली गुजरती में भी अनगिनत गीत गाये .
                कहते है कि हर कामयाबी के पीछे कड़ी मेहनत,लगन और लम्बा संघर्ष छुपा होता है.गज़लों के इस बेताज बादशाह को भी बॉलीवुड में एक अच्छा ब्रेक पाने के लिए काफी जद्दोजहेद करनी पड़ी......फिल्म एक्टर  ओम प्रकाश के बुलावे पर जब वो  फिल्मो में अपनी किस्मत आजमाने सपनो के शहर मुंबई  गए तो उन्हें काफी मायूसी  का सामना करना पड़ा .., बड़े बड़े संगीत कारो ने उनकी आवाज़ सुनी,पर ये कह कर मना कर दिया की ..... "आपकी आवाज़ तो अच्छी है ,पर हीरो  पर सूट नहीं करेगी ."
इसके बाद भी वो हताश नहीं हुए और बड़े- बड़े एक्टरो के घर सजी - महफ़िलो में भी उन्होंने performance दी,इस उम्मीद पर ........की शायद  किसी को उनकी आवाज़ पसंद आ जाये और उन्हें फिल्मो में गाने का एक मौक़ा मिल जाये.आखिर कार उनकी ये कोशिशे रंग लायी और1980 के दशक में प्रेमगीत,साथ साथ, अर्थ जैसी फिल्मो में अपनी मोसकी और खूबसूरत आवाज़ से सबको अपना क़ायल बना दिया .
फिल्म प्रेम गीत(1981)का का मशहूर गीत..." होठो  से छु लो तुम,मेरा  गीत अमर कर दो"फिल्म साथ -साथ  का  ...
"तुमको देखा तो ये,ख़याल  आया,जिंदिगी धूप तुम घना साया."
फिल्म अर्थ की मशहूर गज़ले -"तेरे खुशबू में लिखे ख़त मैं जलाता कैसे" ,                                                
                                               "झुकी झुकी सी नज़र बेक़रार है के नहीं.. "                           "तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो 
  क्या गम है जिसको छुपा रहे हो." 
                                                                   "कोई ये कैसे बताये के वो  तन्हा क्यों है.".... 
जैसे गीत और गजले उनकी आवाज़ और मौसकी से सजे हुए है.इसके अलावा नये दौर की कई फिल्मे जैसे गाँधी टू हिटलर ,कसक, वीरज़ारा , जोगेर्स पार्क,तरकीब, दुश्मन,सरफरोश तुम बिन में भी उन्होंने अपनी आवाज़ का जादू बिखेरा.जिसकी गजले और गीत लोग अपने favourite  collection में बड़े शौक़ से  रखते है .
मशहूर शायर गुलज़ार जगजीत सिंह को प्यार से ग़ज़ल जीत सिंह कहा करते  थे. गुलज़ार के टी.वी सीरियल मिर्ज़ा ग़ालिब की मशहूर गज़लो को  जगजीत सिंह ने अपनी आवाज़ में गा कर बेमिसाल बना दिया है. 

अपनी गायकी से सबका दिल जीत लेने वाले जगजीत सिंह की जिंदिगी  में उस वक़्त अँधेरा छा गया, जब जुलाई 1990 के एक रोड एक्सिडेंट में, उनके बीस साल के एकलौते बेटे, विवेक की मौत हो गयी.जिसके बाद सदमे में डूबी चित्रा सिंह ने, जहां हमेशा के लिए गाना छोड़ दिया.वही जगजीत सिंह ने अपने  बेटे की बेवक्त जुदाई के दर्द को अपने अंदर ही जज़्ब कर लिया और संगीत में अपने आप को, पूरी तरह  से डुबो दिया.जगजीत सिंह अक्सर एक पंजाबी  गाना गाते थे......."मिटटी का बावा" जिसे उनकी बीवी चित्रा सिंह ने एक पंजाबी फिल्म में गाया था.ये गाना जिसमे,किसी अपने को..... बहुत कम उम्र में खो देने का दर्द बया किया गया है, जो उनकी ही आप बीती है.जगजीत सिंह ने अपने बेटे विवेक की याद में एक एल्बम  Some One Some Where(1994)निकाला था,जिसमे आखरी बार उनकी पत्नी चित्रा सिंह ने  उनके  साथ  गाया  था.
अपनी आवाज़ से सबके दिलो पर  राज करने वाले  जगजीत सिंह, एक ऐसे बेहेतरीन इंसान थे,जिन्होंने कई बार दूसरो की मदद, इतनी ख़ामोशी से कि, कि किसी को पता भी नहीं चला.एक शो ओर्गानायेज़र, जिनका काम ठीक-ठाक नहीं चल रहा था .एक महफ़िल में वो जगजीत सिंह से मिले और उनके साथ शो करने की  ख्वाहिश ज़ाहिर की और अपनी परेशानी बताते हुए कहा की "मेरी बेटी की शादी है,और मेरे पास पैसे की कमी  है, .... अगर आपके शो की ज़िम्मेदारी मुझे मिल जाएगी,तो मुझे बतौर प्रोफिट दो तीन लाख रूपए बच जायेगे और मुश्किलें आसान  हो जाएगी." जगजीत सिंह के पूछने पर ....... उन्होंने पैसे की पूरी ज़रुरत बता दी.
अगले दिन जगजीत सिंह ने उनको को बुलाया और कहा ..... " ठीक है .... आप मेरे लिए शो Organize करें, मै आपके शो में गाऊँगा लेकिन आपको शो इसी हफ्ते मे करना होगा."  ये सुन कर वो organizer घबरा गए और कहने लगे ..... "सर इतनी जल्दी शो कैसे organize होगा ......  इसके  लिए तो काफी तैयारी करनी होगी. इस पर जगजीत सिंह ने बेफिक्र होकर, मुस्कुराते हुए कहा ...... " फिक्र मत करो सब हो जायेगा. तुम्हारी बेटी की शादी तय हो गयी  है .... ये मिठाई का डिब्बा घर ले  जाओ और सबका मुह मीठा करो. "ये सुन कर वो साहब,मायूस होकर अपने घर चले गए. घर जाकर जब उन्होंने वो मिठाई का डिब्बा खोला तो हैरान रह गए ... क्योकि उस डिब्बे में उतनी रकम रखी हुई थी, जितनी उन्हें अपनी बेटी की शादी के लिए ज़रुरत थी .
अपने काम को लेकर उनका मानना था की "पहले हमें खुद अपने काम को, अच्छी तरह से समझ कर ,तसल्ली कर लेनी चाहिए,क्योकि  जब हमें अपने काम से तसल्ली  होगी ,तब हम दूसरो से ये उम्मीद कर सकते है की शायद उन्हें  भी  हमारा काम पसद  आये."
वो अपने काम के लिए इतने Devoted थे की, जब उनकी माँ का इंतकाल हुआ तो, उस दिन कोलकाता में उनका बहुत बड़ा शो था. सारे टिकेट एडवांस  में बिक चुके थे. माँ के गुजर जाने की खबर सुन कर उन्होंने फ़ौरन दिल्ली का एयर टिकेट बुक कराया, घर पहुच कर,एक बेटे होने के सारे फर्ज अदा किये, और फिर वापस अपना शो करने कोलकाता चले गए. .....किसी का कोई नुकसान नहीं होने दिया उन्होंने .शो में पहुच कर भी उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा ...... बल्कि,एक घंटा देर से पहुचने के लिए माफ़ी मांगी.  फिर तीन चार अच्छी -अच्छी गज़ले पेश करने  के बाद सबको बताया की उनकी माँ इस दुनिया से चली गयी है.ये था उनका Professionalism और  काम के लिए उन की लगन .
2003 में उन्हें आर्ट और संगीत में दिए गए योगदान के लिए भारत सरकार ने तीसरे सबसे बड़े अवार्ड पदम् भूषण से सम्मानित किया. इसके बाद 10 मई 2007 को संसद भवन के सेंट्रल हॉल में1857 में लड़ी  गयी पहली आजादी की लडाई की 150 वी साल गिरह पर, जगजीत सिंह ने बहादुर शाह  जफ़र की मशहूर ग़ज़ल ..... लगता नहीं है दिल मेरा उजड़े दयार में ..... गायी.जिसे सुनने के लिए राष्ट्रपति अबुल कलाम आज़ाद ,प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह ,लोक सभा स्पीकर सोम नाथ चटर्जी,कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गाँधी के अलावा तमाम बड़े नेता मौजूद थे.
                                                                            जगजीत सिंह आखरी वक़्त तक ,अपनी सुरीली आवाज़ से महफिले सजाते रहे. बीमार होने से पहले उन्होंने लगातार तीन शो किये थे.जो 16 सितम्बर 2011 को मुंबई के Nehru Science Centre में,17 सितम्बर 2011को  दिल्ली के श्री फोर्ट ऑडिटोरियम में और 20 Sep.को देहरादून के The Indian Public School में organised किया गया. वही उन्होंने सर दर्द की शिकायत की थी ,जिसके बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में उनके दिमाग की सर्जरी हुई और उन्हें  I.C.U में Ventilator पर रखा गया था .देश और दुनिया में उनके अनगिनत चाहने वाले उनके सेहत मंद होने की दुआ मांगते हुए ये कहते रहे
 "उठ के महफ़िल से मत चले जाना
                                  तुमसे रोशन ये कोना कोना है."
लेकिन फिर भी, उन्होंने किसी की नहीं सुनी और 70 साल की उम्र में 10 अक्टूबर 2011 को अपने सभी  चाहने वालो को अलविदा कह कर वो इस दुनिया से चले गये  .और उन्हें याद करके हमारे सुनने के लिए छोड़ गये .....  अपना गाया हुआ ,ये गीत ...... 
चिट्ठी न कोई सन्देश ,
              न जाने कौन से देश
कहां  तुम चले गये .
अरशिया  ज़ैदी













2 Oct 2011

Ek Shardhanjali Bapu Ko

                                           एक श्रद्दांजली  बापू को  
       
Always aim at complete harmony of thoughts word & deed.Always aim at purifying your thoughts and every thing will be well. Mahatma Ghandi

यह महान विचार है बापू के,जिनकी 142 वी सालगिरह मनाते हुए हम सब उन्हें याद कर रहे है.अहिंसा और सत्याग्रह के जिन हथियारों को लेकर बापू ने ,आज़ादी की एक लम्बी लड़ाई लड़ी और हमारे देश को  अंग्रेजो की गुलामी से आज़ाद कराया, उनकी उसी फिलोसफी  और गाँधीगीरी का गहरा असर, हमें आज भी देखने को मिलता है.
      
इसके लिए ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है ,अन्ना हजारे का भ्रष्टाचार विरोधी आन्दोलन को ही ले लीजिये ,जिन्होंने बापू के रास्ते पर चल कर ही अपने आन्दोलन को कामयाब बनाया. हज़ारो  की भीड़ जमा होने के बावजूद  वहां न तो कोई अफरा-तफरी मची और न ही कोई  हंगामा हुआ .लोग  शांति और  सब्र से मैदान में डटे रहे . क्या बड़े क्या बच्चे ,सभी   गाँधी टोपी  पहने  हुए पूरी तरह गाँधी वाद के रंग में रगे हुए नज़र आ रहे थे .गाँधी जी के  उसूलो  का गहरा असर वहां जमा लोगो के बर्ताव में  साफ़ नज़र आ रहा था .
       
आज जब हमारा देश महगाई भ्रष्टाचार,आतंकवाद,गरीबी जैसी तमाम मुश्किलों से जूझ रहा है.सामाजिक उथल- पुथल मची हुई है.बेगुनाह और मासूम लोगो का खून बहाया जा रहा है. बापू के सपनो का वो भारत जो गाँव और क़स्बो में  बसता  था ,उन बसे बसाये गाँव को बेदर्दी से उजाड़ा जा रहा है. आम आदमी के साथ खुले आम नाइंसाफी की जा रही है और देखने -सुनने वाला कोई नहीं.इन्साफ बेबस होकर दम तोड़ रहा है.
            
गाँधी जी का गुजरात अब नरेंद्र मोदी जैसे लोगो की गिरफ्त में है.जिन्होंने नफरत के बीज बोकर, तैयार की गयी फसल को काटने की नाकाम कोशिश की है.इनकी तानाशाही का ताज़ा तरीन शिकार I.P.S ऑफिसर संजीव भट्ट बने है.जिन्हें किसी झूठे  मामले में फ़सा कर जेल में डाल दिया गया है.उनका  कुसूर सिर्फ इतना हैकि उन्होंने नरेन्द्र मोदी पर गुजरात दंगो में शामिल होने का इलज़ाम लगाया था.
       
देश में ऐसे हालात पैदा हो गए है जहा बापू के उसूलो और उनके अपनाये रास्ते पर चलने की जरूरत शिद्दत से महसूस की जा रही है.
  
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महात्मा गाँधी के सिद्दांत और गाँधीवादी विचार धारा कितनी अहमियत रखती है इसकी जीती-जागती मिसाल है .93 साल के गाँधीवादी नेल्सन मंडेला जो साउथ अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति है. जिन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से नवाज़ा जा चुका है.वो दुनिया के सबसे ज्यादा बाइज्ज़त,और मशहूर ह्स्तीओ में से एक है .नेल्सन मंडेला  ने गाधी जी के दिखाए रास्ते पर चल कर अपनी मंजिल को पाया है.और सारी दुनिया को दिखा दिया है कि गांधीवाद  ही वो रास्ता है,जिस पर चल कर हर मुश्किल से मुश्किल मसले का हल शांति  से निकाला जा सकता है. आज दुनिया में उनके जैसा कोई नहीं. उन्होंने बद से बदतर हालात में भी हिम्मत नहीं हारी और टेढ़े मेंढ़े रास्तो पर बिना डगमगाए चलते हुए अपनी मंजिल को पाया है.

दुनिया  को अहिंसा  का पाठ  पढ़ाने  वाले  बापू,  30 जनवरी 1948 को   शहीद कर  दिए  गए। उनकी शहादत पर यक़ीन  न करते हुए, किसी शायर  ने  यूं  अपना दर्द  बयां  किया   था  -

"ख़ुदारा  न बोलो यह  मनहूस बोली 
भला कौन  मारेगा  बापू को गोली 
ज़मी ऐसी  बातों  से थर्रा गयी है।
जगाओ न बापू को नींद आ गयी है।"

महात्मा  गांधी  की शख्सियत  क्या थी  इसे किसी को बताया या समझाया नहीं जा सकता .....सिर्फ महसूस किया जा सकता है .साबरमती के  इस  संत  को  हमारा  सलाम.
अरशिया  ज़ैदी








 










22 Sept 2011

Aatankwaad aur Hum

 आतंकवाद और हम 

हाल में ही दिल्ली में हुए धमाको ने पूरी दिल्ली को हिला कर रख दिया .कई बेगुनहा लोगो की जाने चली गयी,और बाक़ी कई लोग कई दिन तक घायल अवस्था में,जिंदिगी और मौत  के बीच संघर्ष  करते रहे .एक बार फिर आतंकवाद ने मानवता को शर्मिंदा कर दिया.

आतंकवादियों  ने पहले जयपुर , बंगलौर,अहमदाबाद ,और अब भारत की राजधानी दिल्ली  को अपने आतंकवाद का निशाना बनाया है तथा लोगो के दिलो में दहशत बैठाने का असफल प्रयास किया है. आतंकवाद  समाज  के नाम पर ,धर्म के नाम पर, देश के नाम पर और राजनीती के नाम पर आम आदमी को बाटने की एक सोची -समझी साजिश है .आतंकवाद के माध्यम से कुछ असामाजिक तत्व देश के प्रति गद्दारी करते हुए,अपने व्यक्तिगत स्वार्थो को पूरा कर रहे है,नहीं तो ऐसा कौन सा धर्म है जो मजहब और जिहाद के नाम पर बेगुनहा और मासूम लोगो की जान लेना सिखाता हो .

जहा तक  इस्लाम धर्म का सम्बन्ध है ,वो तो आपसी सदभाव,अहिंसा और प्रेम का सन्देश देता है|ये धर्म तो पेड़-पौधो से लेकर जानवरों और इंसानों  को चोट पहुचाने को भी पाप समझता है....तो फिर ये इंसानियत के दुश्मन इस्लाम के नाम पर लोगो का खून कैसे बहा सकते है और हजारो लोगो की रोज़ी-रोटी कैसे छीन सकते है?


आज का भारतीय मुसलमान अपने उन सभी भाई बहनों लिए बेहद दुखी है ,जो इस आतंकवाद के शिकार हुए है ,इसका जबरदस्त विरोध ,वो कभी लखनऊ की मशहूर  हजरत अब्बास की दरगाह पर,मुह पर सफेद पट्टी बांध कर करते  हैं तो कभी लाखो मुसलमान, मुंबई में शुक्रवार की नमाज़ के बाद ,विशेष तौर पर दहशत गर्दी के लिए बददुआ करने के लिए अपने हाथ उठाते हैं .

आज हर मुसलमान जो भारतीय है ,वो इस आतंकवाद की ज़ोरदार शब्दों में निंदा करता है और इस पाप के लिए दोषियों को कठोर से कठोर सज़ा दिलाने की हिमायत करता है . दूसरी ओर जब- जब इन दहशत गर्दो  ने मानवता का रक्त बहाया है ,तब तब हजारो नेक और अच्छे लोगो ने आगे आकर हादसे के शिकार लोगो के लिए , हर सम्भव सहायता देने का प्रयास किया है फिर चाहे वो किसी धर्म ,किसी जाति या समाज के किसी वर्ग से सम्बंध रखता हो . हर भारतीय ने अपने इन भाई बहनों  के लिए सहयता करके  देश और समाज के प्रति  अपनी ज़िम्मेदारी को पूरा किया है .

इसी सम्बंध में दो कूड़ा बीनने वाले बच्चो ने दो जिंदा बमो के खबर वक़्त रहते पुलिस को दी. जिनके कारण पुलिस उन बमों को निष्क्रिय कर सकी  और कई और बड़े हादसे होने से बच गए . 

आतंकवाद हमारी लड़ाई है जिस के लिए हम सभी को मिल कर आगे आना होगा और पहल करनी होगी केवल पुलिस और नेताओ पर हम सारी ज़िम्मेदारी नहीं डाल सकते . हमें भी जागरूक होना पड़ेगा ,तभी हम अपने देश को आतंक वाद से बचा पायेगे . साथ ही इस बात का भी विशेष ध्यान रखना होगा कि दोषी व्यक्ति  को सख्त से सख्त सज़ा मिले ,पर किसी निर्दोष के साथ कोई  अन्याए ना हो. हमारा देश सभी के रहने के लिए एक सुरक्षित स्थान हो .और अब न तो कोई आतंकवाद की  घटना घट सके और न ही कोई आतंकवाद के भेट न चढ़ सके .

अरशिया  ज़ैदी 
Published in  hindi monthly Magazine BYAAN(nov.2008)

7 Sept 2011

Article-Kuch Khushfehmiyaa Shadi Ke Baare Me

                               कुछ खुशफहमिया शादी के बारे में 
               

Greh Shobha ,June- 11,2009
शादी से पहले हर लड़की यही सपने सजोये होती है की जब वह दूल्हन  बन कर साजन के घर  जाएगी तो ,हर कदम पर उसका हमसफ़र उसके साथ होगा . हर तरफ खुशिया ही खुशिया होंगी,दुल्हे मिया अपनी दुल्हन को पलकों पर बिठा कर रखेंगे और उसे कोई दुःख न होने देंगे.
क्या आपने भी कुछ ऐसे ही सपने सजाये है, अपनी शादी के बारे में? अगर ह़ा ,तो हमारी कामना है कि                         
आपके सारे सपने सच हो.                                         


दर असल, लड़किया अपनी शादी को लेकर, कुछ ज़यादा ही  खुश फहमिया पाल लेती  है ,जो अगर शादी के बाद सच नहीं निकलती, तो शादी का लड्डू मीठे के बजाये कडवा लगने लगता है . लेकिन अगर शादी के पहले हम कुछ हक़ीक़तो को अच्छी तरह से समझ  ले तो शादी का पवित्र रिश्ता हमेशा महकता रहेगा.

खुश फ़हमी में न रहे -

शादी, एक बेहद खास और ख़ुशी का अवसर  होता  है, जिस जीवन साथी का इंतज़ार अब तक, हम करते आये हैवो हमें मिल जाता है, नया घर बसता है, नए रिश्ते बनते है, प्यार का खुशनुमा अहसास, हमें हर लम्हा मदहोश किये रहता है.इस तरह हम शादी को अपनी खुशियों का आधार समझने लगते है, और उम्मीद करने लगते है कि अब जीवन  में जो कुछ भी होगा ,वो हमारी खुश्यो को बढाने के लिए ही होगा.पर ये सच नहीं है .....इस बात की कोई गारेंटी नहीं होती की शादी के बाद पति पत्नी एक दुसरे के साथ खुश ही रहेंगे.सच्चाई तो ये है कि आपसी रिश्तो में मनमुटाव ,तनाव या मुद्दों को लेकर गंभीर मतभेद हो सकते है,इसलिए अगर कभी कोई ऐसी स्थिति  आ जाये,तो अच्छा यही होगा कि आप कोई भी बात अपने दिल पर न ल़े. 


अगर आप ये सोच रही है कि,आप के पति आप के प्यार में इतने डूबे रहेंगे कि आप के बिना बोले ही ,आप के दिल की बात को समझ जायेगे ...तो आप ग़लत है. ऐसा नहीं होने वाला है, इस ग़लतफ़हमी को अपने दिल से निकाल दीजिये वर्ना इंतज़ार ही करती रह जाएगी.

शादी के बाद लड़ाई -झगडा न हो,ऐसा तो हो ही नहीं सकता . किचन के बर्तन और कांच की क्रोकरी बचा कर रखियेगा ,गुस्से में कही इस सामान की शामत न आ जाये.

याद रखिये,कि प्रेमिका के पत्नी बन जाने पर, काफी चीजे बदल जाती हैशादी से पहले ,आप के प्रेमी को आप में गुढ़ ही गुढ़ नज़र आते थे,और वो आपकी तारीफ करते नहीं थकते थे पर शादी के बाद, हालात बदल जायेंगे -अब वो आपकी तारीफ करने में कंजूसी करने लगेंगे, और क्यों न करे .....अब उनका काम जो निकल चुका है. अब आप 24 - घंटे उन के पास ही तो रहेंगी उन के घर में. आप को यह नहीं  भूलना चाहिए की "घर की मुर्ग़ी- दाल बराबर'' होती है.


एक मत होना ज़रूरी नहीं-


ऐसा माना जाता है, कि पति- पत्नी है तो सारे काम एक साथ ही करेंगे मगर ये ज़रूरी तो नहीं है कि विभिन्न  मुद्दों पर, दोनों के विचार एक से ही हों .दोनों की सोच और विचार अलग अलग भी तो हों सकते है. दोनों अलग -अलग शख्सियत के मालिक होते है, अलग-अलग माहौल में परवरिश पाते है|  उनके ,संस्कार अलग अलग होने की वजह से  मानसिक स्तर  भी एक दुसरे से जुदा होता है, हों सकता है कि, जो बात एक को सही लग रही हों वही दुसरे को ग़लत लगती हों ,तो फिर ये कैसे मुमकिन है कि पति-पत्नी हर मुद्दे पर एक दुसरे के साथ सहमत हों और वो सारे काम साथ -साथ ही करे.
शादी के बाद आप अपने पति को बदल लेंगी ,ऐसा मत सोचियेगा ,बदलाव सिर्फ तभी हो सकता है जब कोई चाहे और उसके लिए कोशिश करे ,वर्ना किसी की मानसिकता या फितरत कभी नहीं बदलती .


पैसा सब कुछ नहीं-

ये  भी एक भ्रम ही  है कि, पैसा सारी समस्याओ का हल निकाल सकता है वैवाहिक  जीवन की खुशीया, धन से नहीं खरीदी जा सकती. पैसा जिंदिगी में बहुत कुछ है पर सब कुछ नहीं है. आपसी ताल मेल ,प्रेम एक दुसरे के लिए आदर और विश्वास , वैवाहिक जीवन की बड़ी से बड़ी मुश्किल को  भी आसान  बना सकता है.


शादी अकेलापन दूर नहीं करती -

ये भी एक धारणा है कि शादी के बाद अकेला पन दूर होता है, जबकि सच्चाई तो ये है कि,शादी के बाद कई बार अकेलापन बढ जाता है. एक अजीब से खालीपन का अहसास होने लगता है. अगर विवाह बेमेल है तो, शादी एक ग़लती लगने लगती है.

शादी के बाद अपना, ऐसा मनपसंद काम करते रहना चाहिए ,जो सकारात्मक और उद्देश पूर्ण हो,जिससे आपको ख़ुशी और संतुष्टि तो मिले ही ,साथ ही आपके वजूद  का अहसास  आपको .....और आपके आस-पास वालो को होता रहे.
एक गलत फ़हमी लोगो ने यह भी पाल रक्खी है कि शादी करना सबके  लिए ज़रूरी है. जिस की शादी नहीं हुई उस का जीवन व्यर्थ है. जबकि ऐसा बिलकुल भी नहीं है,शादी के बिना भी जीवन सार्थक है ......और बहुत खूबसूरत भी.
अर्शिया ज़ैदी
Published in Grehshobha June-2, 2009
(Delhi press publication)


     



21 Aug 2011

Touch


                                    स्पर्श एक अहसास 



अक्सर देखा गया है कि जब हमारे अपने हमें प्यार से गले लगाते है तो हमारी आख़े नम हो जाती  हैं.हम जज्बाती हो उठते हैं,गला रुंध सा जाता है और लफ्ज़ जैसे गले में ही अटक कर रह जाते है.क्या आपने कभी इस बात पर ग़ौर किया है कि ऐसा क्यों होता है?
ये कुछ और नहीं, बल्कि स्पर्श का  खुशनुमा अहसास है,जो शारीरिक  सीमओं को लाघ कर हमारे जज्बातों को छूता हुआ, हमारी रूह में उतर जाता है. ये उन खूबसूरत लम्हों का अहसास है,...जिन पर  वक़्त की धूल कभी नहीं जमती.सालो बीत जाने के बाद भी कल की बात लगती है.


Father & Daughter
हमारी रोज़ मर्रा की जिंदगी में ऐसी कई चीज़े और घट्नाय होती रहती  है जो हमारे दिल को  छू  जाती  हैं..... जैसे माँ बाप का ममता भरा स्पर्श , अपनों के साथ बिताये गए हसीन यादगार लम्हे, रूह में उतर जाने वाला कोई संगीत किसी की कही हुई कोई अच्छी बात,किसी गीत या ग़ज़ल के खूबसूरत बोल ,कुदरत का कोई हसींन नज़ारा,अपने बच्चे का पहला कोमल स्पर्श,किसी की सुरीली आवाज़ या जिंदगी के सफ़र में मिलने वाले कुछ ऐसे अनजाने लोग ,जो आपके अपने से बन गए हो...... वगेहरह वागेहरह.
किसी से मुलाक़ात करते वक़्त जब हाथो का स्पर्श होता है, तो ये स्पर्श कई बार ये महसूस करा देता है कि सामने वाला,इस मुलाक़ात को लेकर कितना उत्साहित और  पोजिटिव है.स्पर्श के बारे में अब तक कई रिसर्च की जा चुकी है,जो ये कहती है कि पहली बार गर्म जोशी से हाथ मिलाने और गले लगा कर मुलाक़ात करने से,एक दुसरे positive vibes मिलती  है और Oxytocin नाम का एक हर्मोन निकलता है,जो एक-दूसरे के लिए प्यार और परवाह को ज़ाहिर करता है .

हम अपने बड़ो का आदर - सम्मान करने के लिए उनके पैर छूते है, और जिसके  बदले में पाते है ढेर सारा आर्शीवाद और दुआए. चरण -स्पर्श का ये खूबसूरत  रिवाज बड़ो और छोटो, दोनों के दिलो को छूता है और प्यार के रिश्तो  को मजबूत करता है.
अपने माथे पर अपनी माँ के होठो का स्पर्श, भला कोई कैसे  भूल सकता है . कैसे भूलाया  जा सकता है, माँ के उन हाथो  का स्पर्श, जिन्होंने हमें पाल - पोस कर बड़ा कर दिया, और वो सुकून और सिक्यूरिटी का अहसास ,जो बच्चो को अपने पिता के सीने से लग कर मिलता है जिसको लफ्ज़ो में बयान कर पाना मुमकिन नहीं .

'स्पर्श' लफ्ज़ो से कही ज्यादा असरदार तरीके से, हमारे जज्बातों  को ज़ाहिर कर सकता है. किसी के साथ कोई दर्द- नाक हादसा हो जाने पर कई बार उसे दिलासा दे पाना  बड़ा मुश्किल  हो जाता है. शब्द  कम पड़ने लगते है, ऐसे  में आपका स्नेह भरा स्पर्श,आपकी हमदर्दी भरे ज़ज्बातो को आसानी से उन तक पंहुचा सकता  है.

बेज़बान जानवर भी प्यार के ज़ज्बात को बड़ी शिद्दत से महसूस करते है एक साहिबा का पालतू तोता तब तक अपने पिंज़रे में चीखता रहता जब तक उसकी मालकिन उसे पिन्जरे से निकाल कर प्यार से सहला कर चूमती नहीं थी,और मिठू मियां भी अपनी मालकिन के प्यार का जवाब उन्हें पप्पी कर के देते थे.है- न ये ,ये स्पर्श का कमाल !
मशहूर हिंदी फिल्म 'मुन्ना भाई ऍम बी बी एस' में संजय दत्त की टच थेरेपी यानी' जादू  की झप्पी' तो अभी तक सबको याद है , वो स्पर्श का ही जादू तो था जिसने फिल्म में मरीजों को अच्छा किया और सबको,जादू की झप्पी दे कर लोगो के साथ अच्छा बर्ताव करने का सन्देश दिया | इस 'टच थेरपी से लोगो की बीमारियों  का  इलाज भी किया जाने लगा है,जिसमे शरीर की उर्जा को इकठ्ठा करके संतुलित और सेहतमंद बनाया जाता है और मरीजों की तकलीफों को दूर किया जाता है.
जब रिश्तो में प्यार और अपना पन होता है,तो एक-दुसरे से उम्मीदे भी हो जाती है और जब ये उम्मीदे पूरी नहीं होती तो दिल को ठेस लगती है ,रिश्तो में नाराज़गी और कड़वाहट आ जाती है ऐसे में स्पर्श, आपसी नाराज़गी को मिटाने में काफी मददगार साबित हो सकता है . बशेर्ते गिले-शिकवे दूर करने की  ईमानदार कोशिश की जाये .ऐतबार को बार-बार चकनाचूर करने ,गलतियाँ  दोहराते रहने के बाद अगर प्यार और हमदर्दी का झूठा  दिखावा किया जायेगा .....और फिर सुलह करने की कोशिश की जाएगी तो सिर्फ नाकामी  ही हाथ लगेगी.
स्पर्श हमारे सच्चे  ज़ज्बातो को ज़ाहिर करता है| अगर ज़ज्बात सच्चे नहीं होंगे ,तो लाख गले लगा कर, प्यार भरा स्पर्श महसूस करवाने की, कोशिश की जाये.... वो स्पर्श, दिल को कभी छु नहीं सकेगा और न ही आपसी रिश्ते खुशनुमा हो सकेंगे.
हम बड़े होने के बाद  स्पर्श करने और करवाने से बचने लगते है और यहाँ तक की, किसी अपने के, स्नेह भरे  स्पर्श से भी नर्वस हो जाते है....शायद वो इसलिए क्योकि बड़े होने के बाद स्पर्श को सिर्फ 'सेक्स' से जोड़ कर देखा जाने लगता है.
पश्चिमी देशो के मुकाबले हमारे मुल्क में स्पर्श करने और करवाने, दोनों को ही बुरा समझा जाता है,क्योकि इसमें हमें  सिर्फ गन्दगी और बुराई ही नज़र आती है ...जबकि ये गन्दगी और बुराई तो हमारी सोच में होती है जिसकी वजह से ,हमें अच्छी बात में भी बुराई नज़र आती है और हम आलोचना करने के बहाने तलाश कर लेते  हैं .इस तरह का बर्ताव, हमारी सोच के तंग दायरे को ज़ाहिर करता है जिसके चलते हम,कुदरत के इस खुशनुमा अहसास को दरकिनार कर देते है.

हम में से ऐसे कितने लोग होंगे जिन्होंने अपने माँ-बाप को बेफिक्री से एक दुसरे के हाथ में हाथ डाले पास-पास बैठे देखा होगा.'सम्मानजनक रूप' से पति-पत्नी के, एक-दुसरे के लिए ज़ाहिर की गयी मोहब्बत और परवाह न सिर्फ,उनके बीच के रिश्तों को गहरा बनाती है, बल्कि बच्चो को भी ये महसूस कराती है कि उनके परेंट्स का रिश्ता,पाक और अटूट है जिसे  मोहब्बत और यकीन के, ऐसे मजबूत धागों में पिरोया गया है,जो कभी नहीं  टूटेगा.ऐसा करके हम बच्चो को ज्यादा सुरक्षित  होने का अहसास कर पाएंगे .
 इस प्यार भरे स्पर्श' की सबसे ज्यादा ज़रुरत बड़े बुजुर्गो और हमारे माँ-बाप को होती है जिनके वो कंधे शायद अब  इतने मजबूत नहीं रहे जिन पर हम सवारी किया करते थे .....पीठ दर्द करने लगी है, शरीर थक  गया है..... निगाह कमजोर हो गयी है,धुन्दला  दिखाई देने लगा है.....फिर भी ये सूनी आखे कुछ तलाश कर रही है.....यकीनन हमारा- आपका  यानी .... अपने बच्चो का प्यार भरा स्पर्श.
जिन माँ-बाप और बड़े--बुजुर्गो ने,अपनी ज़िन्दगी के बेहतरीन साल और कीमती वक़्त, हमारी एक मुस्कराहट पर बस यूं ही नेओछावर कर दिया..हमारी अच्छी  परवरिश की,हमें अच्छे संस्कार देकर लायक और कामयाब इंसान बनाया जिनकी उंगली पकड़ कर हमने चलना सीखा ,जिन्होंने रातो  में जाग कर हमारी देख भाल की, हमारी आँखों  से बहते आँसू पोछे,और वक़्त की परवाह किये बगैर,घंटो बड़े चाव से रोज़ हमारे दोस्तों और स्कूल के क़िस्से सुने .
Grand father & Grand daughter
 लेकिन अफ़सोस.....आज,उनके साथ,बिताने के लिए,हमारे पास चंद मिनट का भी वक़्त नहीं है हमने उन्हें अकेलेपन और depression के अंधेरो में ढ़केल दिया है और खुद अपनी ज़िन्दगी में मस्त है .हमें, शायद  खुद को इस दर्दनाक सच्चाई से ,रूबरू करने की ज़रुरत  है,कि आज हम जिन माँ-बाप और बड़े-बुजुर्गो की अहमीयत और मोजूद्गी को 'फॉर ग्रांटेड' ले रहे है,कल, वो शायद हमारे साथ न हो,और हमसे इतनी दूर..... चले जाये कि हम उन्हें देखने,स्पर्श करने को, तरस जाये और  हमारे लाख आवाज़ देने के बाद भी वापस न आ पाए.
मत फिसलने दीजिये इस बेशकीमती वक़्त को अपने हाथ से, हम खुशकिस्मत है कि हम पर बड़े-बुज़र्गो का साया है ,अपनों का साथ है ....अपने दिल में दबे प्यार को बाहर आने दीजिये और अपनों के साथ बढ़ते इस  -communication gap को खत्म कर दीजिये.


Touch Therapy
थाम लीजिये अपने -बुजुर्गो  के खूबसूरत झुर्रियो भरे हाथो  को, और प्यार से उनके गले  लग कर -उन्हें महसूस करा दीजिये कि आपको उनकी परवाह है.....और उनका साथ.....आपके लिए  अनमोल है.
अरशिया  ज़ैदी 

15 Aug 2011

Insaani Ristey (poem)

              इंसानी रिश्ते


जिंदा रखते हैं, इंसान को इंसानी रिश्ते,
कितने नाज़ुक हैं मगर ,हाय ये इंसानी रिश्ते

समां कुछ ऐसा बंधा है, आज रिश्तों में ,
नहीं टिकता कोई रिश्ता, अब उम्र भर  के लिए 

फिज़ा कुछ ऐसी चली है, आज खुदगर्जी की 
सभी है डूबे  हुए, सोचने में, सिर्फ अपने लिए 

तमाम उम्र किसी रिश्ते को निभाने के लिए
बहुत ज़रूरी है, ऐतबार दोनों के लिये


वफ़ा की शर्त भी, लाजिम है दोस्ती के लिए 
मगर ये बात पुरानी है,अब सभी के लिए

 अरशिया  ज़ैदी
Published in Hindi Magazine MUKTA(Delhi Press)2003

Hausala (poem)

               हौंसला 

हौंसले को खुद से,
 कभी तुम जुदा न  करना 
हार कर कभी तुम
 कोशिशें कम न करना

एक दिन तुम्हारा होगा,
 ये ऐतबार करना 
उस वक़्त का सब्र से तुम
इंतज़ार करना


पहचान तुमको अपनी 
खुद ही बनानी होगी 
जद्दो जहेद से अपनी
मंजिल को पाना होगा 

राहों में मुश्किलें  जो 
आएँगी तुम्हारे 
उन  से उबर के तुमको
रास्ता  बनाना होगा

अर्शिया ज़ैदी
  Published  in Sarita (Delhi Press) in April 2001